प्रतापगढ़, 29 नवंबर 2025। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम सभा सराय भरत राय के बूथ संख्या 144 के BLO अल्ताफ हुसैन ने अपनी कायर्कुशलता और ईमानदारी से पूरे जनपद में मिसाल कायम की है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत डिजिटाइजेशन कार्य में जहां कई जगहों पर एसआईआर फॉर्म का काम अभी तक लंबित है, वहीं अल्ताफ हुसैन ने निर्धारित समय से काफी पहले 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर रानीगंज तहसील में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उपजिलाधिकारी रानीगंज स्वयं बूथ पर पहुंचे और अल्ताफ हुसैन को सम्मानित किया। इस दौरान एसडीएम ने कहा, अल्ताफ हुसैन जैसे मेहनती और निष्ठावान बीएलओ ही लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। जिस लगन, तेजी और तकनीकी दक्षता के साथ उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई है, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है।
एसडीएम ने आगे कहा कि अल्ताफ की कार्यशैली यह साबित करती है कि यदि कोई कर्मचारी पूर्ण ईमानदारी और समर्पण से अपने कर्तव्य का निर्वहन करे तो वह न केवल लक्ष्य प्राप्त कर सकता है, बल्कि उच्च अधिकारियों का विश्वास और सम्मान भी हासिल कर सकता है।
अल्ताफ हुसैन ने सम्मान मिलने पर कहा कि वे इसे अपने कर्तव्य का हिस्सा मानते हैं और आगे भी इसी निष्ठा से जनसेवा करते रहेंगे। उनके इस कार्य से क्षेत्र के अन्य बीएलओ में भी उत्साह जगा है और प्रशासन को उम्मीद है कि शेष कार्य भी जल्द पूरा हो जाएगा।














