प्रतापगढ़, 2 अप्रैल 2026। स्वच्छता बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा मूलमंत्र है। प्रत्येक नागरिक के मन में स्वच्छ रहने का भाव हो, लोगों में स्वच्छता की संस्कृति बने, यही भाव विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के दौरान प्रत्येक नागरिक के मन में पैदा करना है। यह बातें प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एएन प्रसाद ने कही। उन्होंने जिला मुख्यालय पर 1 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किये जाने वाले विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से रैली निकाली गयी। रैली से पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एएन प्रसाद ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों के खिलाफ लड़ाई में सहभागिता के लिये शपथ दिलाई। अपने घर व आस-पास साफ-सफाई रखने, जल जमाव न होने देने तथा बुखार के लक्षण वाले मरीजों को शीघ्र अतिशीघ्र पास के सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिये प्रेरित किया गया।
ढोल ताशे वा लाउडस्पीकर के माध्यम से रैली में शामिल लोग नारे लगाते हुये लोगों को जागरूक करते हुये घण्टाघर चौक तक गये। रैली में शामिल लोग प्रतापगढ़ ने ठाना है, संचारी रोग मिटाना है, कचरा कचरेदानी में, सोये मच्छरदानी में, जीवन को नव मोड़ दो, गंदगी करना छोड़ दो तथा हर रविवार मच्छर पर वार आदि जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अपने आस-पास साफ सफाई रखते हुये स्वच्छता का व्यवहार अपनाते हुये बीमारियों से बचने के लिये प्रेरित कर रहे थे।
संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के अन्तर्गत नगर विकास विभाग, पंचायतीराज विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं उद्यान विभाग सभी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लोगों को स्वच्छता का व्यवहार अपनाते हुये बीमारियों से बचाव के लिये जागरूक करेगें।
10 अप्रैल से दस्तक अभियान
दस्तक अभियान के अन्तर्गत आशा कार्यकत्री व आंगनवाड़ी कार्यकत्री एक साथ मिलकर 10 से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद के सभी घरों में दस्तक देकर लोगों को स्वच्छता का संदेश प्रसारित करेंगी तथा बीमारियों से बचने के लिये जागरूक करेंगी। इसके साथ-साथ विभिन्न बीमारियों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची को ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करते हुये उन्हे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य करेंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारीगण व कर्मचारीगण, आशा व एएनएम उपस्थित रहे।