रायपुर, 14 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ विधानसभा ने मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत पूर्व राज्यपाल शेखरदत्त और सक्ती के राजा सुरेन्द्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि दी गयी। सत्र के प्रारंभ में 14 जुलाई को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल शेखरदत्त के निधन का उल्लेख किया।
उन्होंने सदन में कहा कि शेखर दत्त का राष्ट्र निर्माण में अद्भुत योगदान रहा है। वे एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी रणनीतिकार एवं सजग राष्ट्रसेवक थे। छत्तीसगढ़ में राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल गरिमा और सक्रियता का प्रतीक रहा, जिसके लिए राज्य सदैव उनका स्मरण करता रहेगा।
अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सक्ती रियासत के राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के निधन उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सुरेंद्र बहादुर सिंह जनसेवा, दार्शनिक चिंतन और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। उन्होंने राजनीति और समाज सेवा में अपने सिद्धांतों व मर्यादाओं के साथ जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणादायी रहेगा। छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश की जनता उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करती रहेगी।
इसके बाद नेता सदन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने दिवंगत पूर्व राज्यपाल शेखरदत्त और सक्ती रियासत के राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।













