बांदा, 24 जुलाई 2025। भूगर्भ जल विभाग, बांदा द्वारा भूजल सप्ताह के अवसर पर जिला ग्राम्य विकास संस्थान, विकास खण्ड परिसर महुआ, और ग्राम पंचायत पतौरा में जल संगोष्ठी और हरिशंकरी वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भूजल के महत्व, संरक्षण, और स्थायी उपयोग के प्रति जन जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला प्रशिक्षण अधिकारी/प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा महुआ ज्ञानेन्द्र सिंह, विशिष्ट अतिथि अधिशासी अभियंता भूगर्भ जल विभाग शिवम द्विवेदी, और वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश त्रिपाठी थे। सहायक अभियंता श्वेता गुप्ता, अक्षय कुमार, डिस्ट्रिक्ट कन्सल्टेंट यूनॉप्स आशीष सिंह, कृषि विशेषज्ञ रविकांत उपाध्याय, अवर अभियंता सौरभ शुक्ला, लेखाकार प्रतीक श्रीवास्तव, अमित शुक्ला, संतोष, सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पतौरा के प्रधान प्रतिनिधि त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया।
विशेषज्ञों ने बताया कि भारत में 65% जल खपत भूजल से पूरी होती है, लेकिन अंधाधुंध दोहन के कारण कई क्षेत्रों में भूजल स्तर खतरनाक रूप से गिर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो जल संकट और गहरा सकता है। अधिकारियों ने अटल भूजल योजना और जल जीवन मिशन जैसे सरकारी प्रयासों की जानकारी दी तथा ग्राम पंचायतों से सामुदायिक सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण की शपथ ली और संकल्प लिया कि भविष्य सुरक्षित तभी, जब जल संरक्षित अभी। कार्यक्रम का संचालन आई.ई.सी. एक्सपर्ट अखिलेश पाण्डेय ने किया।














