• Home
  • यूपी
  • थरिया में निकली संचारी रोग जागरूकता रैली, ग्राम प्रधान ने की अगुवाई
थरिया में निकली संचारी रोग जागरूकता रैली, ग्राम प्रधान ने की अगुवाई

थरिया में निकली संचारी रोग जागरूकता रैली, ग्राम प्रधान ने की अगुवाई

गौरा (प्रतापगढ़), 25 अक्टूबर 2025। संचारी रोगों से बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गौरा के तत्वावधान में थरिया गांव में शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे मौसमी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देना था। रैली की अगुवाई ग्राम प्रधान ऊषा पाल ने की, जिन्होंने स्वच्छता और सतर्कता का संदेश दिया।

रैली में प्राथमिक विद्यालय थरिया की सहायक अध्यापिका कुमारी रानी, शिक्षामित्र शैलेष ओझा और संगीता देवी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आशा कार्यकर्ता संगीता देवी ने घर-घर जाकर मच्छरजनित रोगों से बचने के लिए मच्छरदानी उपयोग, पानी जमा न होने देने और नियमित सफाई पर जोर दिया।

बच्चों ने नारे लगाते हुए स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव और मच्छर भगाओ, रोग भगाओ जैसे संदेशों से वातावरण को ऊर्जावान बनाया। ग्राम प्रधान ऊषा पाल ने रैली के बाद ग्राम सभा परिसर में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया। उन्होंने कहा, संचारी रोग तभी नियंत्रित होंगे जब हर घर स्वच्छ रहेगा। हमने सभी आंगनबाड़ी, स्कूल और पंचायत भवन में दवा छिड़काव शुरू कर दिया है।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर-नवंबर में रोगों का प्रकोप बढ़ता है, इसलिए जागरूकता और रोकथाम जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने पर्चे बांटकर लार्वा नष्ट करने, पूर्ण बांह के कपड़े पहनने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी।