जेठवारा (प्रतापगढ़)। शनिदेव धाम प्रतापगढ़ के संस्थापक परमा महाराज की पुण्यतिथि इंडियन प्रेस काउंसिल संस्था द्वारा रविंद्रनाथ गौड़ आनंद वृद्धाश्रम, एलआईसी रोड, टैगोर टाउन में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर वृद्धजनों के लिए भोजन व गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा रहीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर उनका बुकें एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद उन्होंने वृद्धजनों को भोजन परोसा और स्वयं उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
वृद्धजनों के अपनत्व को महसूस करते हुए वह भावुक हो उठीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि परमा महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन सेवा और समाज कल्याण को समर्पित किया। उनकी स्मृति में वृद्धजनों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। वृद्धजन हमारे समाज की धरोहर हैं, इनके अनुभव और आशीर्वाद से ही समाज मजबूत बनता है। इंडियन प्रेस काउंसिल संस्था का यह प्रयास सेवा और संवेदना का सच्चा उदाहरण है। उन्होंने आगे कहा कि भोजन, गर्म कपड़ों और स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधा वृद्धजनों को वास्तविक सहारा देती हैं और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत परमा महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम में वृद्धजनों की आंखों की जांच भी की गई। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना का विशेष वातावरण देखने को मिला। आयोजक विद्या चरण मिश्रा ‘मुन्ना’ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता धरती पर देवताओं के समान होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान ही वास्तविक धर्म है। परमा महाराज की प्रेरणा से आगे भी ऐसे सेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस दौरान वन स्टॉप सेंटर प्रभारी नीलिशा, इंडियन प्रेस काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या चरण मिश्रा ‘मुन्ना’, राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप कुमार, आईटी सेल प्रभारी संतोष गुप्ता सोनू, मंडल उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव, वीरेंद्र विश्वकर्मा, विनायक मिश्रा सहित कई पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














