• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ की 319 ग्राम पंचायतों में खुलेगी डिजिटल लाइब्रेरी
प्रतापगढ़ की 319 ग्राम पंचायतों में खुलेगी डिजिटल लाइब्रेरी

प्रतापगढ़ की 319 ग्राम पंचायतों में खुलेगी डिजिटल लाइब्रेरी

प्रतापगढ़, 31 जनवरी 2026 । यूपी में प्रतापगढ़ की 319 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी खोले जाने की तैयारी है। इस बात की जानकारी मुख्य विकास अधिकारी डा दिव्या मिश्रा ने दी। मुख्य विकास अधिकारी डा दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन के कक्ष में डिजिटल लाइब्रेरी समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे ने बताया कि शासन द्वारा जनपद हेतु 319 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कहां होगी कितनी डिजिटल लाइब्रेरी

निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जनपद के 17 विकास खण्डों क्रमशः आसपुर देवसरा 19, बाबा बेलखरनाथधाम 16, बाबागंज 15, बिहार 17, गौरा 12, कुण्डा 17, कालाकांकर 15, लालगंज 15, लक्ष्मणपुर 15, मंगरौरा 27, मानधाता 18, पट्टी 17, रामपुर संग्रामगढ़ 14, सदर 21, सण्ड़वा चन्द्रिका 13, सांगीपुर 51 व शिवगढ़ की 17 चयनित ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जानी है।

कौन करेगा संचालन

डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन के लिये यूपी डेस्को को सामग्री की आपूर्ति एवं एनबीटी के द्वारा पुस्तक की आपूर्ति हेतु आदेश कर दिया गया है। पंचायत भवनों पर डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से सम्बन्धित अध्ययन सामग्री, ई-बुक्स, आनलाइन कोर्स, शैक्षणिक वीडियो, समाचार पत्र एवं इण्टरनेट की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा से जोड़ना है।

ग्रामीण छात्रों के लिए नई राह

ग्रामीण छात्रों के लिये डिजिटल लाइब्रेरी एक नई राह खोलेगी। उन्हें तकनीक के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। इससे शिक्षा के क्षेत्र में समानता आयेगी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ग्राम पंचायत की यह पहल अच्छी साबित होगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य, पुस्तकालयाध्यक्ष नसरत अली सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।