DP World PGTI Open 2026 का खिताब दक्षिण अफ्रीका के एमजे डैफ्यू ने अपने नाम कर लिया। डैफ्यू ने 69 का स्कोर बनाया और कुल 21 अंडर पार 267 के साथ समाप्त करते हुए अमेरिका के झेरेड हैक और भारत के सप्तक तलवार से एक शॉट आगे रहते हुए खिताब जीता।
- सप्तक तलवार संयुक्त दूसरे स्थान पर रहकर सर्वश्रेष्ठ भारतीय बने
- भारतीय युवराज संधू और रवि कुमार भी टॉप-10 में शामिल
नूह (हरियाणा), 22 मार्च 2026। दक्षिण अफ्रीका के एमजे डैफ्यू ने DP World PGTI Open के रोमांचक अंतिम दिन बोगी-फ्री फाइनल राउंड खेलते हुए जीत हासिल की। यह US$300,000 इनामी राशि वाला टूर्नामेंट DP World PGTI और HotelPlanner Tour द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।
रविवार 22 मार्च 2026 को को चार स्ट्रोक की बढ़त के साथ शुरुआत करने वाले डैफ्यू ने 69 का स्कोर बनाया और कुल 21 अंडर पार 267 के साथ समाप्त करते हुए अमेरिका के झेरेड हैक और भारत के सप्तक तलवार से एक शॉट आगे रहते हुए खिताब जीता।
इस जीत के साथ डैफ्यू Road to Mallorca रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। डैफ्यू ने कहा, मैं बहुत खुश हूं। पहली जीत दबाव को कम करती है, लेकिन इस बार मुझे विश्वास था कि मैं इसे कर सकता हूं। पिछले कुछ हफ्तों की लय मेरे साथ रही। मैंने धैर्य बनाए रखा। मैं एक स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट के साथ काम कर रहा हूं और मेरा मंत्र रहा है दृढ़ता, संकल्प और धैर्य जिसने आज मेरी बहुत मदद की।
डैफ्यू के तीसरे राउंड के छह होल शेष थे जब वह रविवार सुबह Classic Golf & Country Club लौटे। 37 वर्षीय खिलाड़ी ने तीसरे राउंड में 67 का स्कोर बनाकर कुल 18 अंडर पार तक पहुंच बनाई। फाइनल राउंड की शुरुआत धीमी रही और पहले आठ होल तक वह पार पर रहे। इसके बाद नौवें होल पर एक बर्डी और पार-5 14वें होल पर ईगल ने उन्हें निर्णायक बढ़त दिला दी।
तीसरे राउंड के बाद दो शॉट पीछे तीसरे स्थान पर चल रहे सप्तक तलवार की शुरुआत भी धीमी रही। पहले आठ होल में उन्होंने सात पार और एक बोगी किया। लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए नौवें से अठारहवें होल के बीच पाँच बर्डी लगाईं, जिसमें 13वें होल पर लगभग 10 फुट का अहम पुट शामिल था।
27 वर्षीय तलवार ने अपने प्रदर्शन के लिए US$27,000 (लगभग ₹24,30,000) की राशि जीती। इस परिणाम के साथ वह DP World PGTI Order of Merit में अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहे और उनकी सीज़न की कुल कमाई ₹70,30,200 हो गई।

















