रायपुर, 25 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पटल पर एक नई ऊंचाई चढ़ते हुए रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्रा. लि. के प्रख्यात धातुकर्म विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक पांडेय को रूस-भारत समिट 2025 के साथ आयोजित रूस-इंडिया फोरम में आधिकारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है। यह सम्मान राज्य के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि पूरे छत्तीसगढ़ से मात्र एक प्रतिनिधि के रूप में डॉ. पांडेय को यह अवसर मिला है।
यह उच्च-स्तरीय फोरम 4-5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शिरकत करेंगे। आयोजन रूस की प्रमुख संस्था रोस्कॉन्ग्रेस फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जो वैश्विक आर्थिक सम्मेलनों के लिए प्रसिद्ध है।
फोरम में दोनों देशों के शीर्ष सरकारी अधिकारी, उद्योगपति, नीति-निर्माता, निवेशक और प्रमुख व्यापारिक संगठन बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसका मुख्य फोकस द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत बनाना, भारत-रूस व्यापार संतुलन सुधारना, भारतीय उत्पादों की रूसी बाजारों में पैठ बढ़ाना, भुगतान तंत्र एवं वित्तीय अवसंरचना को सशक्त करना, सप्लाई चेन को सरल बनाना तथा तकनीकी सहयोग के नए आयाम खोजना रहेगा। निवेश, औद्योगिक सहयोग और क्षेत्रीय विकास भी प्रमुख एजेंडा में शामिल हैं।
यह फोरम भारत-रूस संबंधों को नई गति देगा, खासकर ऊर्जा, रक्षा और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में। रोस्कॉन्ग्रेस के अनुसार, फोरम में औद्योगिक सहयोग विस्तार, भारतीय मशीनरी एवं तकनीकी वस्तुओं की रूसी बाजार में पहुँच तथा रूसी खरीदारी में भारतीय खाद्य उत्पादों की वृद्धि पर चर्चा होगी। साथ ही, दवा, श्रम संसाधन और पर्यटन सहयोग के अवसर तलाशे जाएँगे।
डॉ. पांडेय की यह उपलब्धि कंपनी के लिए अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। हाल ही में अक्टूबर 2025 में रूस के कालनिनग्राद में आयोजित त्रि-राष्ट्र व्यापार संवाद श्रृंखला में वे भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे, जहाँ भारत, रूस और अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक सहयोग, व्यापारिक अवसरों तथा नई तकनीकी साझेदारियों पर गहन चर्चा की।
इससे पूर्व, मॉस्को में हुए ब्रिक्स आर्थिक फोरम में भी उन्होंने रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स का प्रतिनिधित्व किया था। इन वैश्विक मंचों पर उनकी सक्रियता ने छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षमत्र को वैश्विक पटल पर उभारा है।कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि डॉ. पांडेय की उपस्थिति से भारत-रूस के बीच तकनीकी सहयोग, औद्योगिक निवेश तथा निर्यात-आयात संबंधों के नए द्वार खुलेंगे।
फोरम का सबसे महत्वपूर्ण सत्र प्लेनरी सेशन होगा, जिसमें पुतिन और मोदी व्यापार, निवेश, कच्चे माल, ऊर्जा, तकनीक एवं उद्योग से जुड़े रणनीतिक मुद्दों पर विमर्श करेंगे। रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्रा. लि., जो पिछले तीन दशकों से उन्नत धातुकर्म प्रक्रियाओं, स्पेंट-कैटेलिस्ट रीसाइक्लिंग, शून्य-कचरा तकनीक तथा सतत औद्योगिक समाधानों में अग्रणी है, ने कहा कि यह अवसर कंपनी की वैश्विक विश्वसनीयता को और सुदृढ़ करेगा।
कंपनी वैश्विक स्तर पर टिकाऊ सामग्री प्रबंधन, पुनर्चक्रण तथा नवाचार-आधारित धातुकर्म तकनीकों को बढ़ावा देने के प्रति कटिबद्ध है।यह आमंत्रण न केवल डॉ. पांडेय की व्यक्तिगत क्षमता का प्रमाण है, बल्कि छत्तीसगढ़ के उद्योगों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। डॉ. पांडेय के अनुभव राज्य के अन्य उद्योगपतियों के लिए प्रेरणा स्रोत सिद्ध होंगे। भारत-रूस संबंधों के इस नए अध्याय में छत्तीसगढ़ का योगदान उल्लेखनीय रहेगा।

















