छत्तीसगढ़

प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निबंध लेखन बेहद महत्वपूर्ण

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 9, 2025
1 min read • 1.2k views
प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निबंध लेखन बेहद महत्वपूर्ण

रायपुर, 9 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से कहा कि परीक्षाओं में सफलता के लिए निबंध लेखन बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए निरंतर अभ्यास जरुरी है।

गुरुवार 9 अक्टूबर को कलेक्टर जो अध्यक्ष नालंदा परिसर प्रबंधन सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं, के मार्गदर्शन में मैं और मेरा छत्तीसगढ़ @ 2047 विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नालंदा लाइब्रेरी, सेंट्रल लाइब्रेरी एवं तक्षशिला लाइब्रेरी के 102 सदस्यों ने भाग लिया।

कलेक्टर डॉ सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं विजेताओं को नगद राशि से सम्मानित किया। कलेक्टर डॉ सिंह ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि निबंध का प्रश्न पत्र प्रतियोगी परीक्षाओं में बहुत ही महत्वपूर्ण होता है जिसमें निरंतर अभ्यास, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं प्रासंगिक उद्धरणों का समावेश करके अधिकतम अंक अर्जित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि निबंध की भाषा सरल, सहज एवं धारा प्रवाह होना चाहिए, प्रस्तावना एवं उपसंहार निबंध का मुख्य भाग होता है यह भाग जितने प्रभावी होंगे उतने अधिक अंक मिलने की संभावना होती है।

नालंदा परिसर प्रबंधन सोसायटी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पारस कुमार सोनी को प्रथम, बादल सोनी को द्वितीय एवं महेश्वर कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने कलेक्टर डॉ. सिंह के मार्गदर्शन और आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल लेखन कौशल को निखारती हैं, बल्कि भविष्य की परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन, नोडल अधिकारी नालंदा परिसर केदार पटेल, उपायुक्त नगर निगम डॉ अंजली शर्मा सहित संबंधित एवं प्रतिभागी शामिल हुए।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।