प्रतापगढ़, 8 मार्च 2026। प्रतापगढ़ में जिला प्रशासन ने फैमिली आईडी का लक्ष्य पूरा कर लिया है। जिले में 1.41 लाख परिवारों को पहचान मिली है। इस प्रक्रिया के पूरे हो जाने से सरकारी सेवाएं हासिल करने में आसानी होगी। नागरिकों को आसानी से जाति प्रमाण पत्र मिल सकेगा।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी ने बताया है कि प्रदेश में संचालित लाभार्थी परक योजनाओं के बेहतर प्रबन्धन, समयबद्ध, लक्ष्यीकरण, योजनाओं में शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का आच्छादन एवं जनसामान्य हेतु सरकारी सुविधाओं के सरलीकरण के उददेश्य से फैमिली आईडी (एक परिवार एक पहचान) योजना संचालित है।
इसका उपयोग शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु किया जाना है ताकि पात्र लाभार्थियों का पहचान कर उन्हे लाभार्थीपरक योजनाओं से आच्छादित किया जा सके। शासन द्वारा फैमिली आईडी कार्ड के लिए जिले को प्राप्त लक्ष्य 141073 के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ति कर ली गयी है।
भविष्य में शासन द्वारा फैमिली आईडी कार्ड से लाभान्वित परिवारों को प्रदेश द्वारा संचालित स्टेट सेक्टर की डायरेक्ट बेनेफिट ट्रान्सफर (डीबीटी) योजनाओं तथा सेवाओं में फैमिली आईडी से शत-प्रतिशत आच्छादित किये जाने की मंशा है।
उदाहरणस्वरूप फैमिली आईडी से आच्छादित परिवार के किसी एक सदस्य का जाति प्रमाण पत्र निर्गत होने के उपरान्त शासनादेश के अनुसार परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा फास्ट ट्र्रैक मोड में आवेदन किये जाने पर दो कार्य दिवस के भीतर जाति प्रमाण पत्र निर्गत किये जाने की व्यवस्था ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर की गयी है।
















