• Home
  • यूपी
  • नियमित टीकाकरण कराएं बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाएं : मिश्रा
नियमित टीकाकरण कराएं बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाएं

नियमित टीकाकरण कराएं बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाएं : मिश्रा

गौरा (प्रतापगढ़), 25 फरवरी 2026। प्रतापगढ़ जनपद के गौरा क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरा की ओर से बुधवार को बोर्रा गांव में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर उन्हें संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित करना रहा।

शिविर में पयर्वेक्षक के रूप में बीएमसी नरेन्द्र कुमार मिश्र मौजूद रहे। उन्होंने टीकाकरण के लिए आए बच्चों के अभिभावकों और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण से बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है और गर्भावस्था के दौरान लगाए जाने वाले टीके मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

बीएमसी ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर पहुंचें और कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

शिविर में कुल 10 बच्चों और 7 गर्भवती महिलाओं को निर्धारित टीके लगाए गए। टीकाकरण का कार्य एएनएम रीता देवी द्वारा सावधानीपूर्वक संपन्न कराया गया। इस दौरान सीएचओ अश्वी अस्थाना विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संगिनी बबिता, आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीरा श्रीवास्तव ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।