गौरा (प्रतापगढ़), 6 नवंबर 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुल्तानपुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ट्रिपल ए बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एएनएम, आशा और सीएचओ ने भाग लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, पोषण एवं टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। एएनएम रीता देवी ने गर्भवती महिलाओं को सलाह दी कि वे प्रसव पूर्व चार बार अनिवार्य जांच कराएं और 180 आयरन व 180 कैल्शियम की गोलियां नियमित रूप से सेवन करें। उन्होंने बताया कि इससे गर्भवती महिला और शिशु दोनों के स्वास्थ्य की स्थिति बेहतर रहती है।
सीएचओ अश्वी अस्थाना ने बैठक में महिलाओं को संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा भोजन यानी हरी सब्जियां, दालें और अनाज का सेवन गर्भावस्था के दौरान अत्यंत लाभकारी होता है।
कार्यक्रम में 5 साल 7 बार, छूटे न टीका एक भी बार का नारा लगाकर बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया गया। एएनएम रीता देवी ने बताया कि नवजात शिशु को जन्म के 24 घंटे के भीतर तीन टीके और फिर डेढ़ माह, ढाई माह, साढ़े तीन माह, 16 माह और 5 वर्ष की उम्र में आवश्यक टीकाकरण कराना जरूरी है।
बैठक में प्रसव पूर्व जांच, ड्यू लिस्ट, आभा कार्ड और वीएवी परिवार रजिस्टर से संबंधित बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रुकांती देवी, एएनएम रीता देवी, सीएचओ अश्वी अस्थाना, आशा सुमन श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता देवी, इंद्रावती देवी, सरोज कुमारी, सुदामा देवी, साधना चौरसिया और गीता तिवारी सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।














