• Home
  • विदेश
  • भारतीय मूल की गजाला अमेरिका में लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं
भारतीय मूल की गजाला अमेरिका में लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं

भारतीय मूल की गजाला अमेरिका में लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं

वर्जीनिया, 5 नवंबर 2025। भारतीय मूल की गजाला अमेरिका में लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं हैं। वह वर्जीनिया प्रांत में लेफ्टिनेंट गवर्नर चुनी गईं। गजाला हाशमी राज्य के इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल की महिला हैं। 61 वर्षीय डेमोक्रेट नेता गजाला हाशमी ने रिपबल्किन पार्टी के नेता जॉन रीड को हराकर जीत दर्ज की। वर्जीनिया में मंगलवार 4 नवंबर को मतदान हुआ था।

गजाला हाशमी शिक्षिका रही हैं। वह समावेशी मूल्यों और सामाजिक न्याय की पैरोकार हैं। गजाला हाशमी ने सार्वजनिक शिक्षा, वोटिंग अधिकार और लोकतंत्र की सुरक्षा, बंदूक हिंसा की रोकथाम, पर्यावरण, आवास और किफायती स्वास्थ्य सेवा जैसे मुद्दों को अपनी प्राथमिकता बताया।

गजाला हाशमी पहली बार नवंबर 2019 में वर्जीनिया सीनेट के लिए चुनी गई थीं। चार साल की उम्र में वह अपनी मां और बड़े भाई के साथ भारत से अमेरिका आईं थीं। वे यहां जॉर्जिया में अपने पिता के साथ रहने लगीं। उनके पिता इंटरनेशनल रिलेशन्स में PhD कर रहे थे और बतौर शिक्षक अपना करियर शुरू कर रहे थे। गजाला हाशमी हाई स्कूल क्लास में टॉपर रहीं। उन्हें कई फुल स्कॉलरशिप और फेलोशिप मिलीं।

हाशमी ने जॉर्जिया सदर्न यूनिवर्सिटी से ऑनर्स के साथ BA और अटलांटा में एमोरी यूनिवर्सिटी से अमेरिकन लिटरेचर में PhD की डिग्री हासिल की। हाशमी और उनके पति अजहर साल 1991 में शादी के बाद वर्जीनिया के रिचमंड में बस गए। गजाला हाशमी ने करीब 30 साल तक पहले यूनिवर्सिटी ऑफ रिचमंड में और फिर रेनॉल्ड्स कम्युनिटी कॉलेज में बतौर प्रोफेसर पढ़ाया।