• Home
  • खेल
  • क्या स्मृति मंधाना ने बढ़ाई भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चिंता
क्या स्मृति मंधाना ने बढ़ाई भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चिंता

क्या स्मृति मंधाना ने बढ़ाई भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चिंता

नई दिल्ली, 26 दिसंबर 2025। क्या स्मृति मंधाना के फार्म को लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चिंता बढ़ गयी है। इसके पीछे सच्चाई क्या है। इस खबर में हम इस बात की पूरी पड़ताल करेंगे। वर्ष 2026 में टी20 वर्ल्ड कप होना प्रस्तावित है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर टीम को पूरा भरोसा है कि उनका प्रदर्शन अच्छा होगा।

पर इन दिनों हो रहे मैच में मंधाना का जो परफार्मेंस दिख रहा है उसने टीम प्रबंधन और क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दिया है। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में स्मृति मंधाना का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। पहले टी20 मैच में उन्होंने 25 गेंदों पर 25 रन बनाए, लेकिन इसके बाद उनका बल्ला खामोश नजर आया। दूसरे मुकाबले में वह मात्र 14 रन ही बना सकीं, जबकि तीसरे और निर्णायक मैच में वह सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

यदि पूरे साल 2025 के टी20 आंकड़ों पर नजर डालें तो मंधाना ने 8 मैचों की 8 पारियों में कुल 261 रन बनाए हैं। उनका औसत 32.62 और स्ट्राइक रेट 128.57 रहा है, जो कागजों पर ठीक-ठाक लगता है। इस दौरान उन्होंने एक शानदार शतक और एक अर्धशतक भी लगाया है, लेकिन चिंता की बात यह है कि वह 4 पारियों में शून्य पर आउट हुई हैं। किसी भी सीनियर खिलाड़ी के लिए बार-बार जल्दी आउट होना टीम की रणनीति को प्रभावित करता है।

स्मृति मंधाना का आक्रामक अंदाज भारतीय महिला टीम की पहचान रहा है। पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी अक्सर उन्हीं के कंधों पर होती है। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में विपक्षी टीमें उनकी कमजोरी को भुनाने की कोशिश जरूर करेंगी।

टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ के सामने भी यह एक बड़ी चुनौती है कि मंधाना को मानसिक रूप से मजबूत कैसे रखा जाए। टी20 वर्ल्ड कप से पहले अभी समय है, लेकिन अगर स्मृति मंधाना अपनी लय जल्द नहीं पकड़तीं तो यह भारतीय महिला टीम के खिताबी सपने के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह स्टार बल्लेबाज जल्द ही अपने पुराने रंग में लौटेगी और टीम इंडिया को मजबूती प्रदान करेगी।