गौरा (प्रतापगढ़), 17 सितंबर 2025। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुल्तानपुर में आज स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसकी थीम उचित जीवनशैली अपनाओ, निरोगी काया पाओ रखी गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और परिवार की समग्र सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में सीएचओ अश्वी अस्थाना ने अभियान के लक्ष्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और संगिनी से अपील किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य करें। अश्वी ने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता, पोषण, स्वच्छता, और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, उचित जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूकता सत्र, स्वास्थ्य शिविर, और परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव, संगीता, बबिता पुष्पाकर सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण महिलाओं के लिए एक वरदान साबित होगा, क्योंकि यह उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के तहत गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
















