• Home
  • बिजनेस
  • टेलीकाम सेक्टर भारत ने लगाई बड़ी छलांग, स्वदेशी 4जी लॉन्च, गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
टेलीकाम सेक्टर भारत ने लगाई बड़ी छलांग, स्वदेशी 4जी लॉन्च, गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट

टेलीकाम सेक्टर भारत ने लगाई बड़ी छलांग, स्वदेशी 4जी लॉन्च, गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट

नई दिल्ली, 27 सितंबर 2025। टेलीकाम सेक्टर भारत ने लगाई बड़ी छलांग लगाई है। कभी टेलीकाम सेक्टर के लिए पूरी तरह से आयात पर निर्भर करने वाला भारत अब दुनिया के अन्य देशों को 4जी नेटवर्क तकनीक व इनसे जुड़े उपकरणों का निर्यात करेगा। स्वदेशी 4जी नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले साफ्टवेयर से लेकर हाडर्वेयर तक पूरी तरह से देश में निर्मित हैं। रेडियो एक्सेस नेटवर्क (रैन) को सरकारी उपक्रम सी-डाट से जुड़े तेजस नेटवर्क ने विकसित किया है। बाकी के काम टीसीएस व बीएसएनएल ने किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार 27 सितंबर 2025 को 98,000 4जी टावर का शुभारंभ किया। 4जी नेटवर्क के इस विस्तार से देश के दो करोड़ से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा से वंचित 30 हजार से अधिक गांवों में अब 4जी सुविधा मिलेगी।

दस साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की थी और उस अभियान के बड़े-बड़े परिणाम अब दिखने लगे हैं। इस अभियान की मदद से टेलीकाम सेक्टर की सार्वजनिक कंपनी बीएसएनएल ने पूरी तरह से स्वदेशी 4जी तकनीक विकसित कर ली है।

इस तकनीक से स्थापित 4जी नेटवर्क की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से की। अब तक 2जी, 3जी, 4जी सेवा की तकनीक के लिए भारत विदेश पर निर्भर था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की कंपनियों ने भारत को दुनिया के उन पांच देशों की सूची में ला खड़ा किया है जिनके पास 4जी सेवा शुरू करने की पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक है। इन देशों में चीन, स्वीडन, दक्षिण कोरिया व डेनमार्क शामिल है।