प्रतापगढ़, 23 अक्टूबर 2025। प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने आखिरकार मानिकपुर थाने के थानेदार दीप नारायण को सबक सिखा दिया। थानेदार दीप नारायण ने 5 दिनों से युवक शिवम सिंह को थाने में गैर कानूनी तरीके से बैठा रखा था। इसकी पोल तक खुली जब शिवम सिंह ने थाने में ही धारदार वस्तु से अपने गले में वार कर दिया।
इसकी जानकारी होने पर एसपी दीपक भूकर ने थानाध्यक्ष दीप नारायण को निलंबित कर दिया गया है। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली भेजा गया है। वहां उसका उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक कुंडा कोतवाली के जमेठी गांव निवासी नागेंद्र सिंह का 22 वर्षीय बेटा शिवम सिंह 17 अक्टूबर से लापता था। स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच शिवम के मानिकपुर थाने में पांच दिनों से पूछताछ के लिए बैठाए जाने की जानकारी सामने आई।
गुरुवार 23 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे परिवार को यह जानकारी मिली कि शिवम ने थाने के अंदर ही किसी धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया है। घबराए हुए स्वजन जब थाने पहुंचे तो उन्हें इस बात की जानकारी दी गई कि युवक रायबरेली भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने इंस्पेक्टर दीप नारायण के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि थाने में युवक तक धारदार हथियार कैसे पहुंचा, युवक को 5 दिन तक थाने में क्यों रखा गया, इस तरह के कई बिंदुओं की जांच का जिम्मा सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता को दिया गया है।













