प्रतापगढ़, 25 सितंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने 5 करोड़ रुपये की कीमत का मेथामफेटामाइन ड्रग्स पकड़ा है। सामान्य बोलचाल की भाषा में इसे एमडी कहते हैं। पूर्व में बिकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम के ब्लाक प्रमुख सुशील सिंह इसी मामले में जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस अब मेथामफेटामाइन ड्रग्स के साथ पकड़े गये युवकों आशीष और शिवम से पूछताछ कर गैंग के लिंक को ढूंढने में जुटी है।
जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। 25 सितंबर की सुबह पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने प्रेस वार्ता कर मीडिया को पूरी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक श्री भूकर ने बताया कि आसपुर देवसरा पुलिस ने 24 सितंबर 2025 को विझला नहर पुलिया के पास से 2 अभियुक्तों आशीष पुत्र लक्ष्मीकान्त निवासी गजरिया थाना पट्टी और शिवम पुत्र राकेश निवासी बीरमऊ थाना कन्धई को कुल 501.01 ग्राम एमडी (Methamphetamine Drugs) नशीला पदार्थ व 01 मोटरसाइकिल पैशन प्रो के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों द्वारा बरामद एमडी के सम्बन्ध मे पूछने पर बताया गया कि हम लोग एम.डी. नशीला पदार्थ को इसी मोटर साइकिल से बेचने जा रहा थे। बरामद मोटर साइकिल के सम्बन्ध में पूछा गया तो अभियुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि यह मोटर साइकिल मेरे पिता के नाम से है, जिससे हम लोग नशीला पदार्थ बेचने में प्रयोग करते है।















