प्रतापगढ़, 29 अक्टूबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में आयुष्मान योजना के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर डीएम शिव सहाय अवस्थी ने जांच कराई तो घोर लापरवाही सामने आयी। इस पर डीएम शिव सहाय अवस्थी ने सख्त कार्रवाई की है। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), डिप्टी सीएमओ, तत्कालीन सीओ सिटी और सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, आरोपी संजीवनी नर्सिंग होम का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश दिया गया है।
यह मामला रानीगंज क्षेत्र के निवासी रवि द्विवेदी की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें योजना के लाभ से वंचित करने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता रवि द्विवेदी ने बताया कि उनके पिता के पास वैध आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद संजीवनी नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने आॅपरेशन के नाम पर उनसे हजारों रुपये वसूल लिए। यह राशि योजना के तहत मुफ्त होनी चाहिए थी।
गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले द्विवेदी ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की। शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना के दुरुपयोग की सूचना मिलते ही डीएम शिव सहाय अवस्थी ने स्वयं संज्ञान लिया और त्वरित जांच के आदेश दिए। जांच टीम की रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की लापरवाही को उजागर किया।
जांच में पता चला कि अस्पताल ने आयुष्मान भारत के नियमों की खुलेआम अवहेलना की। मरीज को योजना के तहत नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराने के बजाय नकद राशि वसूली गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, बल्कि देरी और लीपापोती की कोशिश की।
रिपोर्ट सामने आने के बाद डीएम ने सीएमओ डॉ. ए.एन. प्रसाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. शबीब हैदर, तत्कालीन सीओ सिटी शिवनारायण वैश्य और एसआई विनय सिंह को दोषी ठहराया। इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
डीएम अवस्थी ने संजीवनी नर्सिंग होम के लाइसेंस की तत्काल निरस्ती के साथ ही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस प्रकरण ने जिले भर में हड़कंप मचा दिया है। डीएम ने सभी अस्पतालों, नर्सिंग होम्स और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है कि आयुष्मान भारत योजना में पूर्ण पारदर्शिता और ईमानदारी बरती जाए।
उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो और योजना का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो गरीबों को सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान करती है। प्रतापगढ़ में हजारों परिवार इससे लाभान्वित हो रहे हैं, लेकिन ऐसे मामले योजना की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं।
आयुष्मान सारथी ऐप विकसित
प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एएन प्रसाद ने बताया है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजनान्तर्गत लाभार्थियों की सुविधा, जानकारी उपलब्ध कराने तथा सेवाओं के प्रयोग को सरल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयुष्मान सारथी ऐप विकसित किया गया है। उन्होने बताया है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष 05 लाख तक की नि:शुल्क उपचार सुविधा प्रदान की जाती है।
लाभार्थियों की सुविधा एवं सूचीबद्ध चिकित्सालयों से संबंधित जानकारी को सुलभ कराने के उद्देश्य से आयुष्मान सारथी मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। उन्होने बताया है कि लाभार्थी गूगल प्ले स्टोर से आयुष्मान सारथी ऐप डाउनलोड कर अपने निकटतम अथवा आवश्यकता अनुसार सूचीबद्ध चिकित्सालयों से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
इसके माध्यम से वे उपचार हेतु अपने पसंदीदा चिकित्सालय का चयन कर गूगल मैप नेवीगेशन की सहायता से वहां तक पहुंचने में सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐप के माध्यम से आयुषी चैट बॉट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से लाभार्थी एवं आमजन आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा प्रश्न का त्वरित उत्तर प्राप्त कर सकते हैं।














