प्रतापगढ़, 23 नवंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में पंचायत चुनाव की रंजिश में हिंसा की घटनाएं शुरू हो गयी हैं। शनिवार 22 नवंबर की रात कुंडा कोतवाली के ताजपुर सरियावा गांव में हुई हिंसा में पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्यारे को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया है।
जानकारी के मुताबिक सरियावा के पूर्व प्रधान गुड्डू का बड़ा बेटा 25 वर्षीय एहतेशाम उर्फ साहिल प्रधानी के चुनाव की तैयारी कर रहा है। शनिवार की रात करीब 9:45 बजे वह अपने छोटे भाई 22 वर्षीय फुरकान के साथ घर के पास खड़ा था। इससे पहले शाम को बाइक हटाने के विवाद में पड़ोसी तनवीर मिल्की से कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर रात में फिर कहासुनी होने लगी।
ग्रामीणों के अनुसार समाजवादी पार्टी से जिला पंचायत का चुनाव लड़ चुके तनवीर मिल्की अपने घर से असलहा लेकर पहुंचा। उसने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायर किए। सिर और गले में गोली लगने के कारण फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर पहुंचे।
लोगों को आता देख हमलावर असलहा लहराते हुए घर की ओर भाग गए। आनन फानन में दोनों भाइयों को परिजन उपचार के लिए कुंडा सीएचसी ले गए। जांच चिकित्सको ने फुरकान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रयागराज भेज दिया।
खबर मिलते ही परिजन और पूर्व प्रधान के समर्थक अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझने का प्रयास करती रही लेकिन कोई कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। अस्पताल पहुंचे एएसपी बृजनंदन राय से परिजन आरोपियों का घर बुलडोजर से गिराने और एसपी को बुलाने की मांग करने लगे।
खबर भेजे जाने तक पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेने की बात करती रही। मृतक के परिजन हत्या का आरोप सपा नेता तनवीर और उसके भाई भाजपा कार्यकर्ता के ऊपर लगा रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय का कहना है कि हत्यारोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।














