• Home
  • यूपी
  • सहारा शहर में बनेगी यूपी की नई विधानसभा, योगी की मंजूरी का इंतज़ार
सहारा शहर में बनेगी यूपी की नई विधानसभा, योगी की मंजूरी का इंतज़ार

सहारा शहर में बनेगी यूपी की नई विधानसभा, योगी की मंजूरी का इंतज़ार

लखनऊ, 12 नवंबर 2025। उत्तर प्रदेश की नई विधानसभा के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही कवायद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। करीब दो वर्षों से उपयुक्त स्थल की तलाश कर रही योगी सरकार अब गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन को सबसे व्यवहारिक और उपयुक्त विकल्प के रूप में देख रही है। इस जमीन पर नई विधानसभा और उससे जुड़ा प्रशासनिक परिसर विकसित किए जाने की संभावना प्रबल हो गई है।

शासन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार ने सहारा समूह को पूर्व में लीज पर दी गई इस जमीन का पूरा कब्ज़ा ले लिया है। फिलहाल इसे नए विधानसभा परिसर के संभावित स्थल के रूप में गंभीरता से विचाराधीन रखा गया है। अधिकारी के अनुसार, अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, सरकार ने इस विशाल भूखंड का तकनीकी और भौगोलिक मूल्यांकन भी कराया है। रिपोर्ट में बताया गया कि सहारा सिटी की भूमि राजधानी के मध्य में स्थित है और सड़क तथा मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जुड़ी है, जिससे इसे प्रशासनिक दृष्टि से आदर्श स्थान माना जा रहा है।

नई विधानसभा के लिए आधुनिक सुविधाओं, पर्यावरण-अनुकूल भवन डिज़ाइन और स्मार्ट टेक्नोलॉजी के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित भवन परिसर में विधानसभा भवन के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय, मंत्री परिषद भवन, मीडिया केंद्र और पार्किंग की अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हो सकती हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस योजना की प्रगति पर नजर रखे हुए हैं। यदि सहारा सिटी की जमीन पर सहमति बन जाती है, तो प्रदेश की नई विधानसभा के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठेगा। इससे न केवल लखनऊ को एक नया प्रशासनिक स्वरूप मिलेगा बल्कि प्रदेश के विकास के प्रतीक के रूप में यह परियोजना एक ऐतिहासिक पहल साबित हो सकती है।