छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री व रायगढ़ के विधायक ओपी चौधरी ने परीक्षा की तैयारी पर दिए महत्वपूर्ण टिप्स
रायपुर, 13 दिसम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री व रायगढ़ के विधायक ओपी चौधरी ने 12 दिसंबर को 10वीं-12वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा की तैयारी पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि विद्यार्थी तनाव मुक्त होकर स्वस्थ मन से पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा कभी भी जीवन से बड़ी नहीं होती, इसलिए घबराएं नहीं, बल्कि सही समय पर मेहनत शुरू करें। वित्त मंत्री ने रायगढ जिले के ग्राम झलमला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के बच्चों से चर्चा 2025 कार्यक्रम में संवाद किया।
वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि दिसंबर से परीक्षा तक के आगामी तीन महीने सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नियमित रूप से प्रतिदिन 7 से 8 घंटे पढ़ाई करें और छुट्टी के दिनों में 10 घंटे अध्ययन का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि एक भी दिन खराब नहीं करना है।
यदि आप आने वाले तीन महीनों तक ईमानदारी और संकल्प के साथ पढ़ाई करेंगे तो बेहतर तैयारी और उत्कृष्ट परिणाम निश्चित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे प्रतिभा से भरपूर होते हैं। उन्हें केवल बेहतर मार्गदर्शन, संसाधन और सुरक्षित वातावरण की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों व अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर प्रदान करें।
उन्होंने सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच को मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के 6 विश्वविद्यालयों में बच्चे पढ़ेंगे रक्षक पाठ्यक्रम
इसे भी पढ़ें : CGPSC में दिल्ली IAS एकेडमी बिलासपुर के 153 बच्चों का रिकॉर्ड चयन

















