पंकज शुक्ल हत्या मामले में विवेक पांडेय और उसके एक साथी का नाम आया सामने

प्रतापगढ़, 5 अप्रैल 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में हुई पंकज शुक्ल की हत्या मामले में गांव के ही विवेक पांडेय और उसके एक साथी का नाम सामने आया है। इसकी पुष्टि अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल ने की है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल ने मीडिया को दिये बयान में कहा कि थाना अन्तू क्षेत्रातंर्गत ग्राम डुहिया के पास यह घटना हुई।

घटना के वक्त पंकज शुक्ला बाइक चला रहे थे और उनके साथ दो अन्य लोग भी थे। पंकज शुक्ल के साथ रहे अन्य लोगों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि गांव के ही विवेक पांडेय और उसके एक साथी ने इस घटना को कारित किया। पुलिस की छानबीन में यह बात भी सामने आयी है कि कुछ दिन पहले पंकज शुक्ल और विवेक पांडेय के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज भी हुई थी।

घटना के दूसरे दिन भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने हत्यारों की पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारे पकड़ लिए जाएंगे।

उधर गांव में घटना को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों में गम और गुस्सा है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात है और हर स्थिति पर नजर बनाये हुए है।