• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में पर्यावरण और धर्म का अनूठा संगम नवग्रह पौधरोपण
प्रतापगढ़ में पर्यावरण और धर्म का अनूठा संगम नवग्रह पौधरोपण

प्रतापगढ़ में पर्यावरण और धर्म का अनूठा संगम नवग्रह पौधरोपण

प्रतापगढ़, 31 जुलाई 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में नगर पंचायत गड़वारा के रामलीला मैदान परिसर में गुरुवार 31 जुलाई 2025 को रामलीला समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (संघ विचार परिवार) के संयुक्त तत्वावधान में नवग्रह पौधरोपण का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व को एक साथ जोड़ते हुए नवग्रहों से संबंधित पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ओम प्रकाश, विशिष्ट अतिथि जिला प्रचारक प्रवीण, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जेपी वर्मा, रामलीला समिति के अध्यक्ष राजा राम वैश्य, विशेष लोक अभियोजक ईसी एक्ट महेश कुमार गुप्ता, अधिवक्ता परिषद के महामंत्री शिवेश कुमार शुक्ल और पूर्व प्रचारक शुभम सिंह उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पाकड़, पीपल, गूलर, कुश, समी सहित नवग्रहों से संबंधित नौ पौधों का रोपण किया गया, जो धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने कहा कि नवग्रह पौधरोपण का उद्देश्य ग्रहों के नकारात्मक प्रभावों को कम करना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पौधे पृथ्वी का हृदय हैं और इन्हें लगाना ईश्वर की सेवा के समान है। उन्होंने स्वच्छ और हरित राष्ट्र के निर्माण के लिए सभी से पौधरोपण और उनके संरक्षण का आह्वान किया।

जिला प्रचारक प्रवीण ने बताया कि पौधरोपण से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। नवग्रह पौधे न केवल वायु को शुद्ध करते हैं, बल्कि जल संसाधनों के संरक्षण और औषधीय गुणों के कारण स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं। डॉ. जेपी वर्मा ने कहा कि नवग्रह पौधरोपण एक धार्मिक और पर्यावरणीय पहल है, जो व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने इस पहल को सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया।

पौधरोपण के बाद पंडित गौरीशंकर मिश्र के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक और सामूहिक पूजन-अर्चन किया गया। रामलीला समिति ने विभाग प्रचारक ओम प्रकाश और जिला प्रचारक प्रवीण को अंगवस्त्रम और प्रभु श्रीराम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक शेषमणि, ओम प्रकाश जायसवाल, अजय सरोज, वैभव शुक्ल, श्रवण वैश्य, अभिषेक मिश्र, संजय सोनी, बृजेश सिंह, विवेक त्रिपाठी, अंजनी पाण्डेय, कृष्ण भगवान मिश्र, विकास उमरवैश्य सहित रामलीला समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।