अदीस अबाबा, 17 दिसंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अदीस अबाबा हवाई अड्डे पर स्थानीय परंपराओं के अनुसार प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया, जिसमें सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली।
अदीस अबाबा पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से मिले। इस दौरान उत्साह और अपनत्व का माहौल दिखाई दिया। बड़ी संख्या में भारतीय मूल के नागरिक, छात्र और कारोबारी प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे। भारत माता की जय और मोदी–मोदी के नारों के बीच पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे संवाद किया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को भारत की संस्कृति और मूल्यों का सशक्त दूत बताया।
प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि विदेशों में बसे भारतीय देश की पहचान और सम्मान को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों की मेहनत, ईमानदारी और कौशल ने भारत की साख को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है। पीएम मोदी ने इथियोपिया में भारतीय समुदाय की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और दोनों देशों के बीच सेतु बनने के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारत की विकास यात्रा, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज नवाचार, तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से आग्रह किया कि वे भारत के विकास प्रयासों से जुड़े रहें और निवेश, कौशल तथा विचारों के माध्यम से योगदान दें।
















