नई दिल्ली, 25 सितंबर 2025। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) 8875 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। बोर्ड ने एनटीपीसी भर्ती 2025-26 के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें स्नातक और यूजी के कुल 8,875 पदों पर नियुक्तियां होंगी। भर्ती में स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड, कमर्शियल क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क, जूनियर टाइपिस्ट, ट्रेन्स क्लर्क, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, ट्रैफिक असिस्टेंट समेत कई पद शामिल हैं।
अक्तूबर में आवेदन शुरू होने की संभावना
कुल पदों में से 5,817 पद स्नातक उम्मीदवारों के लिए और 3,058 पद 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया अक्तूबर से नवंबर 2025 के बीच शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवार केवल क्षेत्रीय आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
रिक्तियों में स्नातक वर्ग में स्टेशन मास्टर के 615, गुड्स ट्रेन मैनेजर के 3423, ट्रैफिक असिस्टेंट (मेट्रो रेलवे) के 59, मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट सुपरवाइजर (CCTS) के 161, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट (JAA) के 921 और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के 638 पद हैं।
इसी तरह यूजी में ट्रेन्स क्लर्क के 77, वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क (CCTC) के 2424, लेखा क्लर्क सह टाइपिस्ट के 394, कनिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के 163 पदों पर भर्ती होगी।
अंडर ग्रेजुएट यानि यूजी पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 और अधिकतम 30 वर्ष है। वहीं ग्रेजुएट स्तर के पदों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष रखी गई है। सरकारी नियमों के अनुसार SC, ST, OBC, PwD और पूर्व सैनिकों को आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय होगी। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT-1 और CBT-2) आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पद के अनुसार स्किल टेस्ट, टाइपिंग या एप्टीट्यूड टेस्ट लिया जाएगा। अंत में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट भी होगा। CBT-1 में कुल 100 प्रश्न होंगे जिनमें 40 सामान्य जागरूकता, 30 गणित और 30 रीजनिंग से पूछे जाएंगे। CBT-2 में 120 प्रश्न होंगे, जिनमें 50 सामान्य जागरूकता, 35 गणित और 35 रीजनिंग से होंगे। दोनों परीक्षाओं की अवधि 90 मिनट होगी और हर गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले अपने क्षेत्रीय आरआरबी पोर्टल पर जाना होगा। फिर NTPC 2025 आवेदन लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन फॉर्म भरने के बाद फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने होंगे और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर आवेदन सबमिट करना होगा।
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹500 तय किया गया है, जबकि SC, ST, PwD, महिला और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को केवल ₹250 शुल्क देना होगा।
















