• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ के मेधावी छात्र शिवा का इंस्पायर पुरस्कार मानक योजना में चयन
प्रतापगढ़ के मेधावी छात्र शिवा का इंस्पायर पुरस्कार मानक योजना में चयन

प्रतापगढ़ के मेधावी छात्र शिवा का इंस्पायर पुरस्कार मानक योजना में चयन

प्रतापगढ़, 4 मार्च 2026। प्रतापगढ़ जिले में छात्र शिवा ने विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। शिवा विकास खण्ड आसपुर-देवसरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर-हैदरपुर में सातवीं कक्षा का छात्र है। शिवा का चयन अभिनव वैज्ञानिक मॉडल भारत सरकार की महत्वाकांक्षी इंस्पायर पुरस्कार मानक योजना में हुआ है। यह योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित की जाती है।

चयन के उपरांत शिवा को दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। शिवा अब अपने मार्गदर्शक विज्ञान शिक्षक योगेश प्रताप सिंह के निर्देशन में मॉडल को और परिष्कृत करते हुए जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

अभिभावकों ने बताया कि योगेश प्रताप सिंह विद्यार्थियों को नियमित रूप से विभिन्न शैक्षिक एवं वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं तथा उनमें नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने का कार्य कर रहे हैं।

इस सफलता पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह और खण्ड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार त्रिपाठी ने छात्र शिवा, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई दी है।