गौरा (प्रतापगढ़), 7 नवंबर 2025। फतनपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर कला गांव में शुक्रवार सुबह धान के खेत में एक 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोज कुमार के पुत्र शुभम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शुभम गुरुवार रात करीब आठ बजे गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम से घर लौटा था। रात में उसके कुछ दोस्त उसे बुलाकर ले गए, लेकिन वह घर नहीं लौटा।
सुबह ग्रामीणों ने धान के खेत में उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शुभम का शव खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसका मोबाइल फोन गायब है, जिससे हत्या की आशंका गहरा रही है। परिजनों का कहना है कि शुभम किसी से दुश्मनी नहीं रखता था। वह वैवाहिक समारोहों में सजावट और शटरिंग का काम करता था। गांव में उसकी मेहनती और मिलनसार छवि थी।
सूचना मिलते ही फतनपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है। शुभम के दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।














