प्रतापगढ़, 26 अक्टूबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सब इंस्पेक्टर महानंद त्रिपाठी की दुखद मृत्यु हो गयी। सब इंस्पेक्टर महानंद त्रिपाठी चित्रकूट के सरधुआ गांव के रहने वाले थे। वे 56 वर्ष के थे और जिला मुख्यालय पर महिला थाने में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह वह अपनी बाइक से एक मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में अंतू की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 9:15 बजे वह बाइक से प्रतापगढ़-अमेठी हाईवे से घूम कर वह बाईपास पर पहुंचे थे। इसी बीच सराय वीरभद्र के पास सामने से आ रहा बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से जब वह गिर गए तो उनके सिर पर गाड़ी चढाता हुआ चालक भाग निकला।
सन्नाटे वाला इलाका होने से कुछ देर तक घटनास्थल पर लोग नहीं पहुंच पाए। किसी राहगीर ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही डंपर और उसके चालक को पकड़ा जाएगा। सब इंस्पेक्टर के परिवार को घटना की जानकारी दी गयी है।
















