प्रतापगढ़, 10 अप्रैल 2026। सेल्फ स्टडी से प्रतापगढ़ के युवा अवनीश त्रिपाठी ने सफलता का झंडा गाड़ा है। जीएसटी में इंस्पेक्टर पद पर चयनित अवनीश त्रिपाठी उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो सेल्फ स्टडी से बड़ा गोल हासिल करने की दौड़ में हैं।
प्रतापगढ़ जिले के विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम अंतर्गत डडंवा महोखरी गांव के होनहार युवा ने सेल्फ स्टडी से यह सफलता हासिल कर सबको चौंका दिया है। गांव के मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले अवनीश त्रिपाठी पुत्र दधीच चंद्र त्रिपाठी ने अपनी मेधा और अटूट लगन के दम पर जीएसटी इंस्पेक्टर के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर पूरे जनपद का मान बढ़ाया है।
सेल्फ स्टडी से हासिल की इंस्पेक्टर की कुर्सी
अवनीश की सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए नजीर है जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी प्राथमिक विद्यालय की टाट-पट्टी पर बैठकर हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई रानी सूर्य किशोरी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, उडैयाडीह से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पीजी कॉलेज पट्टी से स्नातक किया और फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय का रुख किया।
आज के दौर में जहां प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों और लाखों की फीस का चलन है, वहीं अवनीश ने एक अलग राह चुनी। उन्होंने बिना किसी भारी-भरकम कोचिंग का सहारा लिए, घर की चारदीवारी के भीतर सेल्फ स्टडी को ही अपना हथियार बनाया। दिन-रात की कड़ी मेहनत और इंटरनेट के सही इस्तेमाल ने उन्हें पहले ही प्रयास में इस मुकाम तक पहुंचा दिया।
अवनीश त्रिपाठी का कहना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अगर आप खुद पर भरोसा रखें और ईमानदारी से सेल्फ स्टडी करें, तो दुनिया की कोई भी परीक्षा कठिन नहीं है।
युवाओं के बने प्रेरणास्रोत बने अवनीश त्रिपाठी
जैसे ही अवनीश के जीएसटी इंस्पेक्टर बनने की खबर गांव पहुंची, डडंवा महोखरी में जश्न का माहौल हो गया। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। खुशियों के इस माहौल में उनके बाबा धर्मराज तिवारी, सुभाष तिवारी, सुरेश तिवारी, सुधाकर, दयाशंकर उर्फ फौजी, मोहित तिवारी, क्षमा शंकर एवं पवन सहित समस्त ग्रामवासियों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
अवनीश की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य युवाओं के भीतर भी सरकारी सेवा में जाने का नया जोश भर दिया है।