गौरा (प्रतापगढ़), 17 दिसंबर 2025। स्वास्थ्य उपकेन्द्र सुल्तानपुर के जर्जर भवन का जल्द नवीनीकरण होगा। इस जर्जर भवन विकास खंड गौरा की प्रमुख श्रीमती सुमित्रा पटेल के प्रतिनिधि पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज ने प्रत्यक्ष रुप से देखा। यहां के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज से स्वास्थ्य उपकेन्द्र के जर्जर भवन के नवीनीकरण कराये जाने की मांग रखी। इसके उपरान्त उन्होंने जर्जर भवन का नवीनीकरण कराये जाने का आश्वासन दिया।
बता दे पिछले कई वर्षों से यह भवन जर्जर हालत में है। वर्तमान में इसी भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी संचालित है। भवन जर्जर होने के कारण बरसात के समय छत से पानी टपकता रहता है। भवन की मरम्मत के लिए कई बार सीएचसी गौरा के अधीक्षक की ओर से उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है किन्तु अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गयी।
16 दिसंबर को पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज यहां दस्तावेजी सत्यापन के दौरान पहुंचे तो स्थानीय नागरिकों ने उनके सामने यह मामला रखा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि खंड विकास गौरा की ओर से फंड उपलब्ध कराकर यहां के जर्जर भवन का नवीनीकरण कराया जाएगा।














