गौरा (प्रतापगढ़), 21 अक्टूबर 2025। प्रतापगढ़ के गौरा ब्लाक में सुल्तानपुर की रामलीला लवकुश प्रसंग मंचन के साथ संपन्न हो गयी। श्री आदर्श रामलीला समिति सुल्तानपुर द्वारा आयोजित वार्षिक रामलीला का भव्य आयोजन दीपावली से एक दिन पहले 19 अक्टूबर को संपन्न हुआ। रामलीला को देखने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में दर्शक पहुंचे।
यह रामलीला लगभग 50 वर्ष पूर्व सुल्तानपुर गांव में शुरू हुई थी। आज यह गांव की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। बदलते समय के बावजूद, समिति के कलाकारों और पदाधिकारियों की मेहनत ने इस रामलीला को सदाबहार आकर्षण बना रखा है।
समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन गांव की सांस्कृतिक विरासत और युवा पीढ़ी को धर्म, संस्कृति व नैतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। कोषाध्यक्ष माता प्रसाद जायसवाल ने भी कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। प्रबंधक के रूप में रामचन्द्र यादव ने पूरे आयोजन का सफल संचालन किया।
निर्देशन की मुख्य भूमिका में जगत बहादुर यादव, सह निर्देशन में धर्मेन्द्र यादव और मोहित यादव ने बेहतरीन निर्देशन प्रस्तुत किया। कलाकारों की टीम में सुरेन्द्र यादव, विद्या यादव, डॉ. उमेश शुक्ला, राज बहादुर कनौजिया, राम बाबू यादव, लवकुश यादव, देवतादीन यादव, अनिल शुक्ला, मंदन श्रीवास्तव, गुडडू दुबे, अभिषेक शुक्ला, राजेन्द्र चौरसिया और जेठू मौर्या ने अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस आयोजन में राम और लक्ष्मण के चरित्र के माध्यम से धर्म, भक्ति और पारिवारिक मूल्यों का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय, मंच सजावट और पारंपरिक वेशभूषा की सराहना की।
समिति के पदाधिकारी और कलाकारों ने इस मौके पर घोषणा की कि भविष्य में भी रामलीला के मंचन को और आकर्षक और भव्य बनाने का प्रयास जारी रहेगा। गांव की जनता ने इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया और बच्चों व युवाओं को रामलीला के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजकों की प्रशंसा की।
















