पोलैंड और भारत के बीच बढ़ेगी व्यापारिक साझेदारी, करेंगे निवेश और नवाचार

पोलैंड, 7 अप्रैल 2026। पोलैंड में भारत की नामित राजदूत नीता भूषण ने 7 अप्रैल 2026 को अपना कार्यभार संभाल लिया। सुश्री नीता भूषण ने पोलैंड गणराज्य के विदेश मंत्रालय में राज्य सचिव डब्ल्यू.टी. बार्टोशेव्स्की को अपने ‘प्रत्यायन पत्र’ (Letter of Credence) की एक प्रति सौंप दी। इस औपचारिक प्रक्रिया के साथ ही उन्होंने पोलैंड में अपने राजनयिक कार्यभार की शुरुआत कर दी है।

बैठक में भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने पर व्यापक और रचनात्मक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने राजनीतिक संवाद को मजबूत करने, व्यापारिक साझेदारी को बढ़ाने और उभरते क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। खासतौर पर प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग, बहुपक्षीय मंचों पर समन्वय तथा सांस्कृतिक और जन-से-जन संपर्क को प्राथमिकता के रूप में चिन्हित किया गया।

बैठक में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के निदेशक भी मौजूद रहे, जिससे इस वार्ता को और व्यापक दृष्टिकोण मिला। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने माना कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना समय की मांग है। वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, क्षेत्रीय सुरक्षा और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

राजदूत नीता भूषण ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच ऐतिहासिक मित्रता और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत नींव है, जिसे भविष्य में और सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में व्यापार, निवेश और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर तलाशे जाएंगे।

वहीं पोलैंड के राज्य सचिव बार्टोशेव्स्की ने भारत को एक महत्वपूर्ण वैश्विक साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई राजदूत के नेतृत्व में यह संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।