गौरा (प्रतापगढ़), 21 नवंबर 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा में शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय प्रशिक्षण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करना तथा ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना रहा।बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को एएनसी के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और टीकाकरण की सूची तैयार करने के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही टीटी (टिटनेस टॉक्सॉइड) तथा अन्य जरूरी टीकों की समयबद्ध डोज सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि समय पर टीकाकरण से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। इसके अलावा आशा संवाद ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि यह ऐप कैसे काम करता है, इसमें डाटा एंट्री कैसे की जाए, रियल टाइम अपडेट कैसे दें और गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं की ट्रैकिंग कैसे करें। अधिकारियों ने ऐप के जरिए तुरंत रिपोर्टिंग करने से होने वाले फायदों पर प्रकाश डाला।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ एके सिंह ने आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाना आपकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित घर-घर सर्वे, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। बीएमओ नरेंद्र मिश्रा और बीसीपीएम हसनैन सिद्दीकी ने भी कार्यकर्ताओं के सवालों के जवाब दिए तथा आने वाले सर्वे और टीकाकरण अभियानों में पूरी सक्रियता दिखाने का आह्वान किया। बैठक में क्षेत्र की करीब 80 आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर शामिल हुईं। सभी को प्रशिक्षण सामग्री और रजिस्टर वितरित किए गए।














