गौरा (प्रतापगढ़), 11 दिसंबर 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र सुल्तानपुर और दमदम में अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। सुल्तानपुर में ट्रिपल ए और दमदम में वीएचएसएनसी की बैठक हुई। दोनों बैठकों में बीएमसी नरेंद्र मिश्र मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता अभियान, पोषण तथा केंद्र व राज्य सरकार की चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही समयबद्ध कार्यवाही के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुल्तानपुर उपकेंद्र की बैठक में सीएचओ अश्वी अस्थाना, एएनएम रीता देवी, आशा कार्यकत्रियां शामिल हुईं।
दमदम उपकेंद्र की बैठक में ग्राम प्रधान हरिलाल बिंद, एएनएम सुदामा देवी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठकों में क्षेत्र में शत-प्रतिशत टीकाकरण, किशोरियों में एनीमिया की जांच व उपचार, प्रसव पूर्व जांच, स्वच्छ पेयजल और शौचालय उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। दोनों उपकेंद्रों की टीमों ने सभी लक्ष्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।














