प्रतापगढ़, 29 नवंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार 29 नवंबर 2025 की शाम दुखद सड़क दुर्घटना घटी। इस दुर्घटना में अमेठी के दो युवकों की मौत हो गयी। घटना कोहंडौर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर परशुरामपुर गांव के समीप की है। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद कार में सवार बराती व ड्राइवर मौके से भाग निकले। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर दोनों मृतकों की पहचान की और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। मृतकों की पहचान अमेठी जनपद के रामगंज थाना इलाके के ढेमा गांव के रहने वाले रोहित (23) पुत्र बनवारी लाल और विकास (32) पुत्र रामलखन के रूप में हुई।
बताते हैं कि प्रतापगढ़ की तरफ से आ रहे बाइक सवारों को सुल्तानपुर की तरफ से बारातियों को लेकर जा रही आर्टिका कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद एसओ कोहड़ौर धनंजय राय पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहड़ौर भेजवाया गया। जहां पर डॉ. देवेन्द्र सिंह ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।














