प्रतापगढ़, 13 अक्टूबर 2025। व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। यह बात संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने कही। वे प्रतापगढ़ नगर के अर्जुन बस्ती में आयोजित श्री विजयादशमी उत्सव समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. महेंद्र मिश्रा ने की। इस अवसर पर विभाग कार्यवाह हरीश समेत अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सुभाष ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने 100 वर्ष पूर्ण कर चुका है। इस शताब्दी यात्रा में संघ ने समाज को परिष्कृत करने और राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए अनेक उपक्रम किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से शैक्षिक, आध्यात्मिक और तकनीकी दृष्टि से विश्व को दिशा देता आया है। वैदिक काल से लेकर आधुनिक युग तक, भारत के ऋषि-मुनियों ने राष्ट्र की उन्नति में अग्रणी भूमिका निभाई है।
मुख्य वक्ता ने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना डॉ. हेडगेवार ने इस उद्देश्य से की कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप व्यक्ति निर्माण हो सके, क्योंकि व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है।
विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सुभाष ने कहा कि भगवान श्रीराम की विजय धर्म और सत्य की विजय थी। भगवान राम की सेना में संगठन, अनुशासन और नियोजन की शक्ति थी, जिसने रावण जैसे अत्याचारी का अंत किया। इसी प्रेरणा से संघ ने यह निश्चय किया कि देश कभी पराधीन न हो, इसके लिए समाज का संगठन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य धर्म की जय हो है। यानी भारतवासी अपने धर्म, संस्कृति और कर्तव्यों के अनुसार आचरण करें। सभी के कल्याण के लिए सर्वे भवंतु सुखिनः की भावना को अपनाना चाहिए। हमें आलस्य त्यागकर सत्य के मार्ग पर चलना और समाज के हित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि शताब्दी वर्ष में संघ नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और स्व-जागरण जैसे विषयों पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प ले रहा है।
इस अवसर पर जिला कार्यवाह हेमंत कुमार, विभाग प्रचार प्रमुख प्रभाशंकर पांडेय, जिला प्रचार प्रमुख अंकुर श्रीवास्तव, नगर कार्यवाह अंकित, सुमित, सतीश, राघवेंद्र सिंह, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, राजेश जायसवाल, प्रिया त्रिपाठी, विभा शुक्ला, काजल शिल्पकार, अनुराग मिश्रा, आशीष शुक्ला, विजय, ओमप्रकाश सहित अनेक स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।













