मुंबई, 29 जून 2025। वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ भारत की सबसे पसंदीदा वेब सीरीजों में एक है। इस वेब सीरीज ने अपने चौथे सीज़न के साथ एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है। ग्रामीण भारत की सादगी और सच्चाई को हास्य के साथ पेश करने वाली यह सीरीज़ प्राइम वीडियो इंडिया में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है। फुलेरा गांव की कहानी इस बार ज़मीनी राजनीति, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखती है।
इस सीज़न की आत्मा हैं रघुवीर यादव, जिनके किरदार ‘प्रधान जी’ को दर्शक अब अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं। रघुवीर यादव ने बताया, पंचायत मेरे लिए सिर्फ़ एक शो नहीं, बल्कि दिल के करीब का अनुभव है। यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों, गांव से लेकर विदेशों तक, हर किसी को छू रहा है। ऑस्ट्रेलिया में लोग मुझसे सिर्फ़ पंचायत की बात करने आए। इसकी सादगी और सच्चाई ही इसकी ताकत है।
उन्होंने आगे कहा, पंचायत की स्क्रिप्ट पढ़ते ही मुझे लगा कि इसमें एक्टिंग नहीं, किरदारों को जीना होगा। मैं खुद गांव में पला-बढ़ा, सरपंच और पंचायत के लोगों के बीच रहा। थिएटर के ज़रिए मध्य प्रदेश, बिहार, यूपी, राजस्थान के छोटे शहरों में वक़्त बिताया। यही अनुभव मेरी एक्टिंग का आधार बना। पंचायत की कहानी असल ज़िंदगी से जुड़ी है, जिसमें न कोई खलनायक है, न ज़रूरत से ज़्यादा ड्रामा। बस सच्चे लोग और उनकी कहानियां हैं।
सीज़न 4 में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, फैज़ल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा जैसे किरदार फुलेरा की गलियों में फिर से मासूमियत और मज़ेदार अंदाज़ लेकर लौटे हैं। द वायरल फीवर द्वारा निर्मित इस सीरीज़ का लेखन चंदन कुमार ने किया है, और निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा व अक्षत विजयवर्गीय ने संभाला है।
रिलीज़ से पहले डेट 2 जुलाई से बदलकर 24 जून होने पर फैंस की बेचैनी और उत्साह साफ़ झलक रहा था। दर्शकों ने कहा, इंतज़ार के वो कुछ दिन भी भारी लग रहे थे! ‘पंचायत सीज़न 4’ इस वक़्त प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है और एक और यादगार अनुभव देने का वादा करता है।
















