मुंबई, 31 मार्च 2026। मिस वर्ल्ड का आयोजन दुनियाभर की खूबसूरती का सबसे बड़ा मंच है। मिस वर्ल्ड 2026 का आयोजन कहां होगा, यह जानने को लोग उत्सुक हैं। आपकों बता दें कि मिस वर्ल्ड 2026 का आयोजन वियतनाम में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता के 75वें संस्करण की तारीखों का भी ऐलान हो गया है। समापन कार्यक्रम 5 सितंबर 2026 को हो ची मिन्ह सिटी में होगा।
भारत के लिए इस मंच पर मुकाबला बेहद खास होगा। भारत की ओर से इस मंच पर उज्जैन की निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024) प्रतिनिधित्व करेंगी।
कब होगा शुभारंभ
- वियतनाम में 9 अगस्त 2026 से मिस वर्ल्ड सौन्दर्य प्रतियोगिता शुरू होगी।
- 75वें मिस वर्ल्ड पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं।
- ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
- वर्तमान मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता चुआंगसरी (थाईलैंड) अपने उत्तराधिकारी को ताज पहनाएंगी।
हनोई में जुटेंगी दुनियाभर की सुंदरियां
सभी प्रतिभागी पहले वियतनाम के हनोई पहुंचेंगे। मुख्य मुकाबला हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित होगा। मिस वर्ल्ड की CEO जूलिया मॉर्ले ने कहा, मैं वियतनाम में ‘मिस वर्ल्ड’ और ‘ब्यूटी विद अ पर्पस’ के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए बेहद उत्साहित हूं। वियतनाम एक ऐसा देश है, जो अपनी संस्कृति, गर्मजोशी और असाधारण मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है। इसने हमेशा खुले दिल से हमारा स्वागत किया है।
निकिता पोरवाल करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024) वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी साझा की है। निकिता ने इसे एक बेहद गौरवशाली क्षण बताया है।
आमतौर पर इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक देश हिस्सा लेते हैं, लेकिन इस बार 130 देशों की भागीदारी की उम्मीद है। इसकी घोषणा ‘मिस वर्ल्ड वियतनाम 2026’ के फिनाले के दौरान की गई। ये प्रतियोगिता का 75वां संस्करण है, जिसकी मेजबानी वियतनाम पहली बार कर रहा है।
1951 में शुरू हुई मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता इस बार अपनी 75वीं वर्षगांठ (डायमंड जुबली) मना रही है और इस मौके को यादगार बनाने के लिए वियतनाम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।