• Home
  • यूपी
  • गौरा CHC में महिला स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान, सेवाओं को सराहा
Gaura CHC health workers honored

गौरा CHC में महिला स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान, सेवाओं को सराहा

गौरा (प्रतापगढ़), 9 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) गौरा में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की उन महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने में उत्कृष्ट योगदान दिया है।

समारोह को संबोधित करते हुए चिकित्साधिकारियों ने कहा कि समाज के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती प्रदान करने में महिलाओं की भूमिका सर्वोपरि है। ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण से लेकर प्रसव पूर्व देखभाल तक, महिला स्वास्थ्यकर्मी एक मजबूत स्तंभ की तरह कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम में बीएमसी नरेन्द्र मिश्र, चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष, बीपीएम नितिन शर्मा, चीफ फार्मासिस्ट रमाकांत चौरसिया प्रमुख रुप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान फील्ड में सक्रिय एएनएम और आशा बहुओं के जज्बे को सलाम किया गया। इस मौके पर एएनएम नीतू सिंह, अमिता भारतीय, संगिनी अमिता तिवारी, आशा सिंह, बबिता दुबे और बचिता पुष्पाकर ने अपनी सहभागिता की।

बीएमसी नरेन्द्र मिश्र ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य स्टाफ ने भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।