• Home
  • यूपी
  • शिक्षक योगेश प्रताप सिंह जिले स्तर पर उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित
शिक्षक योगेश प्रताप सिंह जिले स्तर पर उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित

शिक्षक योगेश प्रताप सिंह जिले स्तर पर उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित

प्रतापगढ़, 6 सितंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विकास खण्ड आसपुर देवसरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर-हैदरपुर में कार्यरत विज्ञान शिक्षक योगेश प्रताप सिंह को शिक्षा में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं हेतु सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की उपस्थिति में सदर विधायक राजेन्द्र प्रसाद मौर्य और जिला भाजपा अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव द्वारा अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

योगेश प्रताप सिंह शिक्षण में विज्ञान किट-गणित किट, स्मार्ट क्लास, दीक्षा ऐप, शिक्षक संदर्शिकाओं, ईको क्लब, आनलाइन वेबिनार, आनलाइन शैक्षिक सपोर्ट, विज्ञान क्विज, विज्ञान मॉडल व प्रदर्शनी तथा अन्य आधुनिक तकनीकी का सतत प्रयोग करने के साथ ही जनपद भर में इनके अनुप्रयोग व अनुपालन हेतु भी उत्प्रेरक का कार्य करते रहे हैं।

साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रतापगढ़ द्वारा प्रकाशित मॉड्यूल के लेखन मण्डल में भी सम्मिलित रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नवीन स्वरूप के क्रम में जो बदलाव हुए हैं उनको विकास खण्ड तथा जनपद में अंगीकृत करने हेतु भी इनका सतत प्रयास रहा है। योगेश प्रताप सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी आसपुर देवसरा सुशील कुमार त्रिपाठी के अनुकरणीय नेतृत्व के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि ऐसे अधिकारियों के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन से ही वह अपना योगदान दे पा रहे हैं। भविष्य में और अधिक संकल्पित भाव से कार्य करेंगे।