• Home
  • यूपी
  • युवा उत्सव में प्रतापगढ़ की प्रतिभाओं को मिला मंच, जीते पुरस्कार
युवा उत्सव में प्रतापगढ़ की प्रतिभाओं को मिला मंच, जीते पुरस्कार

युवा उत्सव में प्रतापगढ़ की प्रतिभाओं को मिला मंच, जीते पुरस्कार

प्रतापगढ़, 12 दिसंबर 2025। जिला खेल स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा जनपद स्तरीय एक दिवसीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक और वैज्ञानिक जागरूकता भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम का समापन एवं पुरस्कार वितरण विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल के कर-कमलों द्वारा हुआ।

उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा ही राष्ट्र का भविष्य हैं और उनकी यह प्रतिभा समाज को नई दिशा देगी। युवा उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोकगीत प्रतियोगिता में संगम इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शारदा संगीत महाविद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा। लोकनृत्य प्रतियोगिता में बीएसएस एकेडमी ने पहला और संस्कार ग्लोबल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता में वर्तिका सिंह ने प्रथम, तृप्ति रावत ने द्वितीय तथा त्रिषा ने तृतीय स्थान जीता। कहानी लेखन में गीता भारती प्रथम, संभर सिंह द्वितीय और चेतना पांडेय तृतीय रहीं। कविता लेखन प्रतियोगिता में अपेक्षा पांडेय ने पहला, सानिया बानो ने दूसरा और पीहू गुप्ता ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में मोहम्मद जैद, विपुल, वेदांत, अखंड और देवांश की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जुबैदा, अन्नू, अरशमा, खुशनुमा और रिया की टीम तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी सिमत सिंह, क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज तथा विभाग के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।