प्रतापगढ़, 7 फरवरी 2026। प्रतापगढ़़ में पूर्व न्यायाधीश सत्य नारायण सिंह ने शिवलिंग की स्थापना कराकर सेवा और भक्ति का संदेश दिया है। सत्य नारायण सिंह सराय आनादेव भइया की सराय के निवासी हैं। वे पूर्व न्यायाधीश हैं। उन्होंने जनपद से होकर जाने वाले राम वन गमन मार्ग मंदिर का निर्माण कराया है।
इस मंदिर में उन्होंने शिवलिंग की स्थापना कराने के बाद प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया। विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन, वंदन और मंत्रोच्चारण के साथ शिवलिंग की स्थापना संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में लक्ष्मणपुर ब्लॉक प्रमुख डॉ. राकेश सिंह सहित अन्य क्षेत्रीय लोगों ने भी सहभागिता की। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा। हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर गूंज उठा।
पूर्व न्यायाधीश सत्य नारायण सिंह ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था, एकता और संस्कारों का संदेश फैलता है।














