नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026। पीएम मोदी ने किसान सम्मान निधि की राशि में वृद्धि किये जाने की बड़ी घोषणा की है। प्रधानमंत्री मोदी की इस घोषणा के बाद से किसानों में खुशी नजर आ रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह घोषणा पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के दौरान 26 अप्रैल को जनसभा में किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो किसान सम्मान निधि की राशि साल भर में 9 हजार रुपये कर दी जाएगी। बता दें वर्तमान में किसान सम्मान निधि की राशि वर्ष भर में 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल छह हजार रुपये दी जाती है।
पश्चिम बंगाल में इस समय विधानसभा के चुनाव चल रहे हैं। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को हो चुकी है। पहले चरण में रिकार्ड 92 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया। रिकार्ड वोटिंग से भाजपा नेता, विशेष रुप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काफी खुश हैं। 92 फीसदी से अधिक वोटिंग पश्चिम बंगाल से ममता सरकार की विदाई का संकेत माना जा रहा है। ऐसे में दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं।
किसानों को लुभाने के लिए उन्होंने यह घोषणा भले ही पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार के दौरान की है पर इसका लाभ देशभर के करोड़ों किसानों को मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी की इस घोषणा से किसान और उनके परिवारजनों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। मतगणना 4 मई को होगी। देशभर के किसानों की नजर अब 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिक गयी है।