नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025। संसद के शीत सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके ‘मेक इन इंडिया’ को ‘असेंबल इंडिया’ कहने वाले बयान का करारा जवाब दिया। बिना नाम लिए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की सैन्य ताकत और स्वदेशी तकनीक ने दुनिया को चौंकाया है।
प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में आतंकियों के सरगनाओं के ठिकानों को महज 22 मिनट में ध्वस्त कर दिया गया। यह भारत की नई सैन्य शक्ति और मेक इन इंडिया के तहत विकसित हथियारों की ताकत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, जब मैं विश्व नेताओं से मिलता हूं, वे भारत में बने हथियारों की गुणवत्ता और तकनीक की सराहना करते हैं। आज भारत की सैन्य तकनीक वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन रही है।
मोदी ने जोर देकर कहा कि मेक इन इंडिया केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का आधार है। स्वदेशी हथियारों और तकनीक ने न केवल भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत किया है, बल्कि वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग भारत की उपलब्धियों को कम आंकने की कोशिश करते हैं, लेकिन सच्चाई दुनिया देख रही है।
सत्र के दौरान पीएम ने यह भी रेखांकित किया कि मेक इन इंडिया के तहत निर्मित उपकरण और तकनीक अब निर्यात के लिए भी तैयार हैं, जो भारत की आर्थिक और रणनीतिक ताकत को दर्शाता है।

















