आगरा, 29 अगस्त 2025। यूपी के आगरा में पदस्थ अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गयी। हादसा शुक्रवार 29 अगस्त की सुबह आगरा एक्सप्रेस वे पर करहल क्षेत्र में हुआ। बताते हैं कि यह घटना माइल स्टोन 77/200 के निकट हुई। हादसे में अपर नगर मजिस्ट्रेट और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कालेज सैफई भिजवाया। यहां डाक्टरों ने नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार शुक्रवार की सुबह लखनऊ से आगरा लौट रहे थे। सुबह 8:30 बजे उनकी क्रेटा कार को चालक पंकज शर्मा चल रहा था। माइल स्टोन 77/200 के निकट चालक नियंत्रण खो बैठा और कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई।
घटना की सूचना पर करहल प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी यूपीडा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कालेज सैफई भिजवाया।
जांच के बाद डाक्टरों ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को मृत घोषित कर दिया। चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। 2018 वैच के पीसीएस अधिकारी राजेश कुमार मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे। लखनऊ में उनकी पत्नी दो बच्चों के साथ रह रही हैं।
आगरा में अपर नगर मजिस्ट्रेट से पहले वह आगरा के फतेहाबाद में एसडीएम के पद भी तैनात रह चुके थे। करहल प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों और स्वजन को दे दी गई है।















