नई दिल्ली, 10 सितंबर 2025। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत के साथ ट्रेड डील करने को लेकर उत्सुक हैं। उधर ट्रंप की उत्सुकता को देख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ग्रीन सिगनल दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्रुथ पर लिखा कि अमेरिका और भारत दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत फिर से शुरू करेंगे।
अमेरिका की ओर से भारत पर लगाये गये भारी आयात शुल्क के बावजूद भी भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर सकारात्मक प्रगति का रुख देखने को मिल रही हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने-अपने देशों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आने वाले हफ्तों में वार्ता को सफल नतीजे तक पहुंचाया जाए।
उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास जताया है कि अमेरिका के साथ व्यापार संबंधी बातचीत का जल्द निर्णय निकलेगा और वह भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत के लिए उत्सुक है। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट के जवाब में यह बात कही।
श्री मोदी एक्स पर लिखा, भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को उजागर करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रम्प से बातचीत के लिए भी उत्सुक हूं। हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्जवल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
















