नई दिल्ली, 22 सितंबर 2025। भारत की पैरा-एथलीट प्रीति पाल विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय दल की ध्वजवाहक होंगी। प्रीति पाल ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में दोहरा कांस्य पदक जीता था। उन्हें आगामी इंडियनआॅयल नई दिल्ली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय दल की आधिकारिक तौर पर ध्वजवाहक नियुक्त किया गया है।
सेरेब्रल पाल्सी से जूझने से लेकर पैरा-एथलेटिक्स में देश के सबसे चमकते सितारों में से एक बनने तक का उनका सफर दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता का प्रतीक है। प्रीति ने अपनी अथक भावना और समर्पण से सभी बाधाओं को पार किया है। 100 मीटर में 14.21 सेकंड और 200 मीटर टी35 स्प्रिंट श्रेणियों में 30.01 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ उन्होंने पेरिस में दो ऐतिहासिक कांस्य पदक जीते।
















