देश

कुरनूल में चलती बस में लगी आग, जिंदा जले 20 यात्री

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 24, 2025
1 min read • 1.2k views
कुरनूल में चलती बस में लगी आग, जिंदा जले 20 यात्री

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2025। राजस्थान के जैसलमेर में चलती बस में लगी आग की घटना लोग अभी नहीं भूले थे कि अब आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में भी चलती बस में आग लग गयी। इस घटना में 20 यात्री जिंदा जल गये। मिली जानकारी के मुताबिक घटना कुरनूल जिले के चिन्नातेकुर के निकट की है। यहां एक निजी बस में दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई, जिससे इस हादसे में 20 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में बाइक सवार एक व्यक्ति भी शामिल है। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है।

जानकारी के अनुसार, बंगलूरू से हैदराबाद जा रही बस में हादसे के दौरान करीब 41 लोग सवार थे। बताया गया कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे आ गयी और इसके ईंधन टैंक का ढक्कन खुल गया जिससे आग लग गई। कुरनूल के जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने बताया, यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई जब बस एक बाइक से टकरा गई, जिससे ईंधन रिसाव हुआ और आग लग गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो पाई है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।